(Garbage Truck Theory)एक ऐसा पाठ जो आपका मूड खराब होने से हमेशा बचाएगा!
इसे मैं आपको इस कहानी के ज़रिये समझाती हूँ.
एक दिन मैं एक टैक्सी में सफ़र कर रही थी। रास्ते में ट्रैफ़िक सामान्य था और सब अपनी धुन में चल रहे थे। तभी अचानक, साइड वाली गली से एक कार बड़ी तेज़ी से निकली और हमारी टैक्सी के ठीक आगे आकर रुकी!
ड्राइवर ने तुरंत ज़ोरदार ब्रेक लगाया—टायर घिसने की तेज़ आवाज़ आई, गाड़ी झटके से रुकी और एक्सीडेंट होते-होते बचा।
गलती पूरी तरह से उस दूसरी कार वाले की थी। लेकिन जानते हैं उसने क्या किया?
वह कार से बाहर निकला, चेहरे पर गुस्सा, और हमारी तरफ़ देखकर चीखने-चिल्लाने लगा। उसने ऐसी-ऐसी बातें और गालियाँ कहीं जिन्हें सुनकर किसी का भी खून खौल जाए।
मुझे लगा कि अब हमारी टैक्सी का ड्राइवर भी बाहर निकलेगा और दोनों में बहस होगी। लेकिन जो हुआ, उसने मुझे हैरान कर दिया!
टैक्सी ड्राइवर ने कोई गुस्सा नहीं दिखाया। उसने न तो आँखें लाल कीं, न आवाज़ उठाई। उसने बस उस इंसान की तरफ़ देखकर एक धीमी सी मुस्कान दी, बहुत आदर से हाथ हिलाया और कहा—"भगवान आपका दिन शुभ करे भाई साहब!"
कार वाला हक्का-बक्का रह गया और बड़बड़ाते हुए अपनी गाड़ी में बैठकर चला गया।
मुझसे रहा नहीं गया, मैंने ड्राइवर से पूछा—"भैया! गलती उसकी थी, वो आपकी जान जोखिम में डाल सकता था और उल्टा आप ही पर चिल्ला रहा था! आपने उसे कुछ कहा क्यों नहीं? आप मुस्कुरा कैसे सकते हैं?"
तब उस ड्राइवर ने पीछे मुड़कर जो बात कही, वो मेरे दिल में उतर गई।
उसने कहा:
"मैडम, दुनिया में बहुत से लोग 'कचरे की गाड़ी' (Garbage Truck) की तरह घूम रहे हैं। उनके अंदर नाकामी, गुस्सा, जलन, तनाव और निराशा रूपी ढेर सारा कचरा भरा होता है। जब यह कचरा उनके अंदर बहुत ज़्यादा भर जाता है, तो उन्हें इसे खाली करने के लिए किसी जगह या किसी इंसान की ज़रूरत होती है।
अगर कोई आप पर अपना कचरा फेंकने आए, तो उसे अपने सिर पर मत लीजिए। बस मुस्कुराइए, उनके अच्छे की कामना कीजिए और अपनी राह बढ़ जाइए। क्योंकि जो लोग अपने काम से प्यार करते हैं, वे दूसरों का कचरा खुद पर नहीं लेते।"
✨ दिल में उतारने वाली बात....
"जीवन बहुत छोटा है कि हम दूसरों की नकारात्मकता (Negativity) को अपने अंदर समेटकर जिएं। जो आपके साथ अच्छा व्यवहार करते हैं उनसे प्यार करें, और जो नहीं करते... उनके लिए प्रार्थना करें कि उनका दिन बेहतर हो। ✨
Mannu...........

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें