शहर की दौड़ में छूट गया वो गाँव जहाँ आज भी साँसों में बसती है नानी की कहानियाँ और पहाड़ों की मिट्टी।😞

                शहरों की चकाचौंध और पहाड़ों का वह छूटा हुआ किनारा🌄


आज हम अपने गाँव से कोसों दूर बड़े शहरों की ऊँची इमारतों और कंक्रीट के जंगलों के बीच आ बसे हैं। दूरी इतनी बढ़ गई है कि यहाँ की खिड़कियों से अपने पहाड़ों की दिशा भी दिखाई नहीं देती। सच पूछिए तो हम यहाँ सिर्फ दो पैसे कमाने आए थे, लेकिन वक्त की दौड़ में कब यहीं के होकर रह गए, पता ही नहीं चला।

आज भी जब शहर की किसी व्यस्त सड़क पर अचानक 'UK' नंबर की कोई गाड़ी गुजरती है, तो दिल एक पल के लिए ठहर सा जाता है—मन करता है उस गाड़ी को रोककर पूछ लूँ, "भाई साहब, पहाड़ में कहाँ से आए हो? क्या मेरे उस गाँव की हवा का कोई झोंका अपने साथ लाए हो?"

यही अपनापन, टीस और पुरानी यादें आज मुझे उस अतीत में खींच ले गई हैं, जहाँ नैनीताल जिले के हमारे उस छोटे से गाँव की गलियाँ, पत्थरों की छत (पटाल) वाले पारंपरिक घर, पत्थरों के वे आँगन और उन गलियों में गूँजती हमारी किलकारियाँ आज भी जिंदा हैं..। वह दौर ऐसा था जहाँ शादी का हर उत्सव पूरा गाँव मिलकर निभाता था, जहाँ फेरी वाले भी अपने परिवार की तरह लगते थे, और सर्दियों में बर्फबारी के बीच नानी की कहानियों व गुड़ के साथ खाई जाने वाली ताज़ी बर्फ में एक अलग ही सुकून बसता था। आइए, आज आपको अपने उसी उत्तराखंड के एक छोटे से गाँव की सैर कराते हैं—जहाँ जाने के लिए आज भले ही वापसी की टिकट बुक करनी पड़ती है, लेकिन वो बीता हुआ दौर और बचपन आज भी हमारी साँसों में बसता है।

1. जब पूरा गाँव मिलकर एक शादी निभाता था 'मदद देना' की संस्कृति


हमारे गाँव में जब किसी एक घर में शादी होती थी, तो वह किसी एक परिवार का निजी उत्सव नहीं होता था, बल्कि पूरे गाँव का सबसे बड़ा उत्सव बन जाता था। पहाड़ की संस्कृति की सबसे खूबसूरत और मजबूत कड़ी थी—'मदद देना'।आज की तरह तब न तो टेंट हाउस के बड़े-बड़े कैटरर्स होते थे और न ही गैस चूल्हों की आधुनिक सुविधाएँ। शादी से कम-से-कम एक महीने पहले से ही गाँव में तैयारियाँ शुरू हो जाती थीं💫
  • लकड़ी फोड़ना (जंगल का सफर): शादी में खाना बनाने के लिए ढेरों लकड़ियों की जरूरत होती थी। इसके लिए हर घर से कम से कम एक सदस्य सुबह-सुबह जंगल जाता था। सूखी लकड़ियाँ काटना और उन्हें इकट्ठा करना एक सामूहिक अभियान जैसा था। जो बुजुर्ग या महिलाएँ घर पर रुकती थीं, वे जंगल से लौटने वालों के लिए बड़े प्रेम से हलवा, सूखे आलू और दाल-चावल तैयार रखती थीं।

  • लीपा-पोती और ऐपण (पारंपरिक कला): शादी वाले घर को संवारने की जिम्मेदारी महिलाओं की होती थी। इसके लिए जंगल में मौजूद खास खानों से लाल रंग की चिकनी मिट्टी (गेरू) खोदकर लाई जाती थी। पत्थरों के आँगन और दीवारों पर इसी लाल मिट्टी और गोबर का लेप लगाकर उन्हें चमकाया जाता था, और फिर घर की देहरी व आँगन में पारंपरिक पहाड़ी लोककला 'ऐपण' (Aipan) बनाई जाती थी। चावल के आटे और लाल गेरू से बनाए जाने वाले ये ज्यामितीय डिजाइन घर के भाग्य और शुभता के प्रतीक होते थे। वहीं, घर के पुरुष दीवारों की सफेदी और रंग-रोगन का जिम्मा संभालते थे।

  • सामूहिक श्रम और हँसी-मजाक: शादी के 3-4 दिन पहले खेतों की सफाई करके टेंट या छप्पर लगाए जाते थे। गाँव के मंदिर में रखे बड़े-बड़े तांबे और लोहे के भगोने-परताले (बर्तन) निकाले जाते थे। पहाड़ों में घर अक्सर सड़क से बहुत ऊपर या काफी नीचे होते हैं। राशन और भारी सामान को मुख्य सड़क से घर तक लाने के लिए घोड़ों की मदद ली जाती थी या फिर लोग अपने सिर पर सामान रखकर लंबी चढ़ाई पार करते थे। यह सब काम बिना किसी थकान के, सिर्फ एक-दूसरे की टांग खींचते और हँसी-मजाक करते हुए पूरा हो जाता था।

गाँव के बड़े-बुजुर्गों की भूमिका इस दौरान सबसे अहम होती थी। वे युवाओं को निर्देश देते, राशन की लिस्ट बनाते, बारातियों के स्वागत का जिम्मा संभालते और पैसों का हिसाब देखते थे। अगर किसी बेटी की शादी हो, तो पूरे गाँव की ममता और जिम्मेदारी दुगुनी हो जाती थी। बारात विदा होने के बाद भी मेहमानों की विदाई और बिखरे हुए सामान को समेटने तक पूरा गाँव चट्टान की तरह साथ खड़ा रहता था।

2. आँगन से गुजरते रास्ते और अनजान राहगीरों के लिए खुला दिल💫

गाँव की भौगोलिक बनावट ही कुछ ऐसी थी कि वहाँ के रास्ते किसी न किसी के आँगन से या रसोई के बिल्कुल पास से होकर गुजरते थे। ऐसे में रास्ते से आने-जाने वाले हर व्यक्ति से हाल-चाल पूछना, उसे पानी के लिए या कभी-कभी अचानक खाने के लिए रोक लेना एक सहज संस्कार था—मानो वह कोई अजनबी नहीं बल्कि बरसों पुराना परिचित हो।

मुझे आज भी बहुत अच्छे से याद है कि पहाड़ों में दूर-दराज के शहरों से कुछ खास लोग आते थे जिन्हें हम 'फेरी वाले' कहते थे। ये लोग कंबल, साड़ियाँ, सूट, मनिहारी का सामान और बच्चों के खिलौने लेकर गाँव-गाँव पैदल घूमते थे।

मेरे नाना के स्वभाव में एक गजब की अपनापन था। मेरे नाना जी अक्सर ऐसे फेरी वालों को रोककर अपने आँगन में चारपाई पर बिठाते और बड़े प्यार से कहते, "भैया, इतनी दूर से घूम-घूम कर थक गए होगे, पहले आराम से खाना खाओ, फिर आगे का सफर तय करना।"

एक बार की बात है, सर्दियों के दिन थे और अचानक मौसम बहुत खराब हो गया। पहाड़ पर भारी बर्फबारी शुरू होने वाली थी। एक कंबल बेचने वाला फेरी वाला उस दिन हमारे गाँव आया हुआ था और उसका डेरा दूसरे गाँव में था। मौसम की मार को देखते हुए मेरे नाना जी ने उसे उस दिन घर में रात भर रुकने की पनाह दी। नाना ने उस फेरी वाले की पूरी खातिरदारी की और अगले दिन सुबह का नाश्ता खिलाकर ही उसे विदा किया। सच में, तब के लोग इतने सिंपल और दिलदार हुआ करते थे तब पहाड़ों में मेहमाननवाजी सिर्फ एक नियम नहीं, बल्कि दिल का रिश्ता हुआ करती थी।—आज तो कोई अपने घर किसी को बुलाना पसंद नहीं करता, फिर इन फेरी वालों को कौन ही पूछता होगा! 

3. बर्फबारी का जादू जंगल की फिसलपट्टी और गुड़ वाली ताज़ी बर्फ💨


सर्दियों के मौसम में जब पहाड़ों पर बर्फ गिरती थी, तो ऐसा लगता था मानो पूरी दुनिया रूई की चादर में लिपट गई हो। उस दौरान स्कूल की लंबी छुट्टियाँ हो जाती थीं। आज के बच्चों की तरह हमारे पास स्मार्टफ़ोन, इंटरनेट या वीडियो गेम नहीं थे, लेकिन प्रकृति का हमारा अपना खुला खेल का मैदान था।

बर्फबारी के बाद हम सभी बच्चे सुबह-सुबह जंगल की ओर निकल पड़ते थे। भारी बर्फ के बोझ से जंगल के कई पेड़ टूट जाया करते थे। हम उन टूटे हुए और सूखे पेड़ों की लकड़ियाँ इकट्ठा करने जाते थे। मजे की बात यह थी कि उन भारी-भरकम लकड़ियों को सिर पर ढोकर लाने की जरूरत नहीं पड़ती थी!

हम बर्फ पर ही एक लंबी फसलपट्टी (Sliding Track) बना लेते थे। लकड़ियों के बंडलों को उस फिसलन भरी बर्फ पर धक्का देते और खुद भी उनके साथ फिसलते हुए हँसते-खिलखिलाते हुए गाँव तक पहुँच जाते थे। हमारा वह जंगल स्थानीय पंडितों के अधिकार क्षेत्र में आता था, इसलिए पकड़े जाने का एक अलग ही रोमांच और डर रहता था—हम छुपते-छुपाते किसी तरह सूखी पत्तियाँ और लकड़ियाँ बटोर ही लाते थे।

कभी-कभी कड़ाके की ठंड और बर्फ के कारण जंगली मुर्गे या खरगोश मृत अवस्था में मिल जाते थे, जिन्हें ढूँढने के लिए गाँव के लोग बर्फ में निकलते थे। लेकिन हमारे लिए सबसे बड़ा आकर्षण थी—ताज़ी गिरी हुई सफेद बर्फ। हम उस ताज़ी बर्फ को इकठ्ठा करके उसमें गुड़ मिलाकर बड़े चाव से खाते थे। घरवाले चाहे जितना डाँटते या मना करते, बच्चों की चोरी-छिपे यह दावत चलती ही रहती थी।

4. बिना बिजली की रातें, शुद्ध पकवान और नानी की कहानियाँ💖



बर्फबारी का एक पक्का नियम होता था—बिजली के तार टूट जाना। लगातार कई-कई दिनों तक गाँव में बिजली नहीं रहती थी। ऐसे में घरों के अंदर चूहेदानी जैसी लालटेन या चीड़ की लकड़ी की रोशनी और रसोई में जलती हुई आग ही हमारा एकमात्र सहारा होती थी।

उस अंधेरी और ठंडी रात का अपना ही सुकून था। बचपन में हम सुबह उठकर घी या गुड़ के साथ मक्के की गरमा-गरम रोटी और साथ में दूध का आनंद लेते थे—वह स्वाद आज भी जहन में ताजा है। मक्के या मडुवे की रोटी अगर बासी यानी रात की बची हुई होती थी, तो वह और भी ज्यादा स्वादिष्ट लगती थी; बिल्कुल किसी बिस्कुट जैसी कुरकुरी, क्योंकि मक्के के आटे की रोटी स्वाभाविक रूप से बहुत मीठी होती थी। आज तो हर चीज़ में मिलावट है, लेकिन तब बात ही कुछ और थी—तब नाना अपने ही खेतों में उगी हुई मक्के को चक्की में पिसवाते थे। असल में, वह मक्के का आटा ज्यादातर हमारे बैलों और गाय के लिए पिसवाया जाता था, क्योंकि तब ट्रैक्टर नहीं होते थे और नाना बैलों से ही खेतों में हल जोतते थे!

इसके अलावा रसोई में चूल्हे पर गरमा-गरम 'भट के डुबके' (काले सोयाबीन की पारंपरिक गाढ़ी दाल) और 'मडुवे की रोटी' तैयार होती थी। बाहर बर्फ की सफेद चादर और अंदर आग के पास बैठकर कोयले की आँच सेकना—वह गर्माहट आज के एसी और हीटरों में कहाँ मिलती है!

क्योंकि बाहर जाने का कोई रास्ता नहीं होता था, इसलिए हम शाम को जल्दी खाना खाकर अलाव के चारों ओर बैठ जाते थे। स्कूल की लाइब्रेरी से मिली किताबों का भंडार हमारे पास होता था—जैसे अरेबियन नाइट्स, पंचतंत्र की कहानियाँ, मीना और मिठ्ठू तोता, अकबर-बीरबल और तेनालीराम के किस्से। मुझे किताबें पढ़ने का ऐसा जुनूनी शौक था कि एक बार जो कहानी पढ़ ली, वह आज भी मेरे जहन में वैसे की वैसे बैठी हुई है।

और जब रात गहरी होती, तो हम रजाई में दुबक कर अपनी नानी के पास बैठ जाते। नानी अपने जमाने के अनगिनत किस्से सुनाती थीं—कि तब कौन सा सामान कितने आने में मिल जाता था, कैसे कम उम्र में उनकी शादियाँ तय हो जाती थीं और तब का समाज कितना सीधा और सरल हुआ करता था। वे कहानियाँ हमारे लिए किसी परियों के देश से कम नहीं थीं।

5. आज सब बदल गया है... और गाँव जाना भी एक तयशुदा छुट्टी है

आज जब पीछे मुड़कर देखती हूँ, तो ऐसा लगता है जैसे वह सब कोई सपना था जो हमने अपनी खुली आँखों से जिया था। गाँव के वे बुजुर्ग अब इस दुनिया में नहीं हैं, जिनकी छत्रछाया में पूरा गाँव सुरक्षित महसूस करता था। अब गलियों में बच्चों की वह गूँजती हुई किलकारियाँ सुनाई नहीं देतीं; पढ़ाई और रोजगार की तलाश में लगभग हर परिवार के युवा शहर का रुख कर चुके हैं। कच्चे और पारंपरिक पत्थरों के घरों की जगह अब बड़े-बड़े आधुनिक मकानों, कंक्रीट के होटलों और रिसॉर्ट्स ने ले ली है। विकास की अंधी दौड़ ने हमारे उस शांत और प्राकृतिक गाँव को भी शहरों की तरह बदल दिया है।

आज भी जब कभी पहाड़ों की याद बहुत सताती है, तो हम गाँव जाते जरूर हैं—लेकिन अब गाँव जाने से पहले वापसी की टिकट भी बुक करनी पड़ती है। कभी छुट्टियों की मोहलत माँगनी पड़ती है, तो कभी समय के बँधे हुए दायरे में रहकर वापस शहर लौटना पड़ता है। वो दौर अलग था जब जाने की खुशी होती थी और लौटने की कोई फिक्र नहीं होती थी, आज गाँव जाना भी एक तयशुदा छुट्टी बनकर रह गया है।

निष्कर्ष: वो दौर अब सिर्फ एक कहानी है...💞

आज जब हम शहर की इन चौड़ी सड़कों और बंद कमरों में बैठकर अपनी इस जिंदगी को देखते हैं, तो कई बार खुद से सवाल करते हैं—क्या वाकई हम कभी उस दुनिया का हिस्सा थे? जहाँ सुबह की शुरुआत चिड़ियों की चहचहाहट और ढलती शाम चूल्हे की आँच और लालटेन की रोशनी में कटती थी। 💫

अब वो घर, वो गलियाँ और वो अपने लोग सिर्फ तस्वीरों या हमारी यादों के किसी कोने में दबे रह गए हैं। शहर ने हमें सब कुछ दे दिया—पैसे, तरक्की, और आधुनिक सुविधाएँ; लेकिन बदले में क्या लिया? हमारे पाँव के नीचे की वह मिट्टी, हवा का वह खुलापन और अपनों के बीच का वह बेहिसाब अपनापन।

कभी-कभी लगता है कि जिंदगी ने हमें उड़ने के लिए तो पंख दे दिए, पर हमारे पैरों से वह जमीन छीन ली जहाँ हम चैन से बैठकर साँस ले सकें। आज जब कभी पहाड़ों की याद बहुत सताती है, तो मैं आँखें बंद कर लेती हूँ... और एक पल के लिए सही, मैं फिर से उसी छोटे से गाँव के आँगन में पहुँच जाती हूँ।

शायद हम लौटकर कभी उस दौर में नहीं जा सकते, क्योंकि वक्त का पहिया पीछे नहीं घूमता। आज जो मैं यह लिख रही हूँ, यह भले ही अब एक कहानी की तरह लगता है, लेकिन यह कोई कल्पना नहीं—यह वह दौर है जिसे मैंने जिया है। वो बचपन, वो पहाड़, वो नानी की कहानियाँ और वो पूरा का पूरा जीवंत दौर... आज भी मेरी धड़कनों में जिंदा है। कुछ कहानियाँ खत्म नहीं होतीं, बस वक्त के साथ अमर हो जाती हैं—बिल्कुल हमारे उस गाँव की तरह!

पहाड़ के इन खास शब्दों का अर्थ 👇

हमारे पहाड़ों की संस्कृति जितनी समृद्ध है, वहाँ के स्थानीय शब्द उसकी मिठास को और बढ़ा देते हैं। इस लेख में आए कुछ प्रमुख शब्दों का संक्षिप्त परिचय इस प्रकार है

  • मदद देना: कुमाऊँनी संस्कृति की वह अनूठी और महान परंपरा, जिसमें गाँव का हर परिवार किसी के घर में शादी, गृहप्रवेश या किसी बड़े काम के दौरान बिना किसी बुलावे के, अपनी इच्छा से श्रमदान (सहयोग) करने पहुँचता है।

  • ऐपण: उत्तराखंड की पारंपरिक लोक कला और ज्यामितीय चित्रकला है, जिसे चावल के आटे के सफेद घोल और लाल गेरू से घरों की देहरी, फर्श और दीवारों पर शुभ अवसरों पर विशेष रूप से उकेरा जाता है।

  • भट के डुबके: काले भट (पहाड़ी सोयाबीन की एक स्थानीय पौष्टिक किस्म) से तैयार होने वाली कुमाऊँ की एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक गाढ़ी दाल, जिसे लोहे की कढ़ाई में मसालों के साथ धीमी आँच पर पकाया जाता है।

  • मडुवे की रोटी🌾: रागी के आटे से बनने वाली गहरे भूरे रंग की बेहद पौष्टिक और स्वादिष्ट रोटी, जो सर्दियों के मौसम में शरीर को अंदर से गर्माहट और ताकत देती है।

एक छोटा सा सवाल आपसे... क्या आपके पास भी अपने गाँव, बचपन या उन पुरानी सर्दियों की कोई ऐसी याद है जो आज भी आपके दिल के बहुत करीब है? या क्या शहर की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में कभी आपका भी मन वापस अपनी जड़ों की तरफ लौटने का करता है? अपने उस खास अनुभव या अपने गाँव की कोई मीठी याद हमारे साथ कमेंट बॉक्स में जरूर साझा करें। मुझे आपके विचारों का इंतज़ार रहेगा!💗

टिप्पणियाँ